Headlines

Nainital: जन-जन की सरकार कार्यक्रम के तहत बैलपड़ाव में डीएम ललित मोहन रयाल की जनसुनवाई, 500 से अधिक लोगों को मिला सीधा लाभ

Nainital: जन-जन की सरकार कार्यक्रम के तहत बैलपड़ाव में डीएम ललित मोहन रयाल की जनसुनवाई, 500 से अधिक लोगों को मिला सीधा लाभ
शेयर करे-

Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकासखंड कोटाबाग की न्याय पंचायत बैलपड़ाव में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। सिंचाई डाक बंगला बैलपड़ाव में आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ा गया।

शिविर में 500 से अधिक लोगों ने भाग लेकर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 215 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का भी त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण सिंचाई, गूलों की मरम्मत, जंगली एवं आवारा पशुओं से फसलों की क्षति, पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और भूमि से जुड़े मामलों पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रहा है।

आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं पर कोटाबाग व चकलुवा क्षेत्र में आधार केंद्र खोलने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद, पैमाइश, सार्वजनिक मार्गों के सुचारू संचालन जैसे मामलों में उपजिलाधिकारी कालाढूंगी को प्रत्येक शनिवार तहसील स्तर पर अथवा मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए गए। कालाढूंगी बाजार में मेथी शाह नाला में अतिक्रमण की शिकायत पर तत्काल जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए गए।

किसान सम्मान निधि, नहरों व गूलों की मरम्मत, बिना अनुमति बगीचा काटकर होटल-रिसोर्ट निर्माण, सोलर/चैन लिंक फेंसिंग, भू-कटाव रोकथाम, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्यालयों में शिक्षक तैनाती, शौचालय निर्माण, विद्युत पोल-तारों की सुरक्षा, ट्रांसफार्मर की गुणवत्ता जैसे मुद्दों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने 93 लोगों का उपचार किया, आयुष व होम्योपैथी से 185 लोगों की जांच हुई। कृषि, उद्यान, सहकारिता, पशुपालन, बाल विकास, श्रम, सेवायोजन, राजस्व, समाज कल्याण, उद्योग, विद्युत व ग्राम्य विकास विभागों द्वारा मौके पर सेवाएं प्रदान की गईं। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा 3500 रुपये की बिक्री की गई। शिविर में निराश्रित गोवंश के लिए 500 क्षमता वाली गौशाला संचालन हेतु अनुबंध भी किया गया।

शिविर में विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *