Nainital: कैंची धाम में हर वर्ष 15 जून को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस का विशेष महत्व है। इस दिन बाबा नीब करौरी महाराज के भक्त दूर-दराज़ से यहां पहुंचते हैं। इस मौके को खास बनाने में मालपुए के प्रसाद की अहम भूमिका होती है। इस वर्ष भी मालपुए का प्रसाद बनाने की तैयारी मंदिर समिति द्वारा पूरी कर ली गई है।
मालपुए बनाने का कार्य 12 जून से व्रत और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ आरंभ होगा। केवल वही श्रद्धालु इस कार्य में भाग ले सकते हैं, जो व्रत रखते हैं, धोती-कुर्ता धारण करते हैं और हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। मालपुए देसी घी में बनाए जाएंगे।
यह परंपरा स्वयं नीब करौरी महाराज की इच्छा से शुरू हुई थी। मालपुए तैयार कर उन्हें विशेष पेटियों और डलियों में रखा जाता है। 15 जून को बाबा को भोग लगाने के बाद यह प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है। इसकी महत्ता इतनी है कि जो लोग मंदिर नहीं पहुंच पाते, वे अपने रिश्तेदारों व मित्रों से प्रसाद मंगाते हैं।
मंदिर के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने बताया कि 12 जून से 15 जून की शाम तक मालपुए बनाए जाएंगे। इसके साथ आलू की सब्ज़ी भी प्रसाद में दी जाएगी। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
For latest news updates click here
For english news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
