Nainital: नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी पुलिस व एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो मेडिकल आधार पर जमानत पर जेल से बाहर आया था, लेकिन दोबारा नशे की तस्करी में लिप्त पाया गया।
22 फरवरी 2025 को पुलिस टीम ने आंवला चौकी से आगे गौलपुल के पास यात्री शेड के सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 37 नशीले इंजेक्शन, 3 सिरिंज, एक मोबाइल फोन, 800 रुपये नकद और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (UK 04 AF-0682) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये नशीले इंजेक्शन शादाब उर्फ रेहान, निवासी बहेड़ी, उत्तर प्रदेश से खरीदे थे। पुलिस ने शादाब उर्फ रेहान के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद दानिश उर्फ पिडारी (29 वर्ष), निवासी उजाला नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना बनभूलपुरा में FIR संख्या 44/25 U/S 8/22/60/29 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी, एसओजी प्रभारी संजीत राठौड़, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, हेड कांस्टेबल ललित कुमार (SOG) और कांस्टेबल संतोष कुमार (SOG) शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी प्रकाश चंद्र और क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
