Headlines

Nainital: ज्योलीकोट में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी लखनऊ के पर्यटकों की टवेरा, चालक समेत दो गंभीर घायल

Nainital: ज्योलीकोट में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी लखनऊ के पर्यटकों की टवेरा, चालक समेत दो गंभीर घायल
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल से घूमकर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों का सफर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा कार अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया गया।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है। वहीं अन्य घायल पर्यटकों का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *