Bhutan: भूटान के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए कार विस्फोट को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भयावह घटना पूरे देश को व्यथित कर गई है। प्रधानमंत्री ने बताया कि वे बीती रात से लगातार जांच एजेंसियों के संपर्क में रहे और हर महत्वपूर्ण जानकारी लेते रहे।
पीएम मोदी ने कहा कि वे भारी मन से भूटान पहुंचे हैं क्योंकि दिल्ली में हुई यह गंभीर घटना किसी भी संवेदनशील नागरिक को झकझोर सकती है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस विस्फोट के पीछे छिपे षड्यंत्र की गहराई तक जांच होगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां जल्द ही इस पूरे मामले की सचाई सामने लाएँगी और जिम्मेदार तत्वों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
