New Delhi: भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले का जवाब देते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं। इस सैन्य कार्रवाई को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया है।
रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि यह ऑपरेशन एक केंद्रित, पूर्व-नियोजित और संयमित कार्रवाई थी, जिसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य उन आतंकी ढांचों को ध्वस्त करना था, जहां से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों की योजना बनाई जा रही थी और जिन्हें निर्देशित किया जा रहा था।
बताया गया कि यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की प्रतिक्रिया में की गई है, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप और नैतिक जिम्मेदारी के तहत की गई है। ऑपरेशन के बारे में विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।
उधर, भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर विरोध जताना शुरू कर दिया है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भारत के मिसाइल हमलों को “कायरतापूर्ण” बताते हुए आरोप लगाया कि हमले कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में किए गए हैं। पाकिस्तान की ओर से इसे एकतरफा आक्रमण करार दिया जा रहा है, जबकि भारत का कहना है कि उसने यह कार्रवाई आत्मरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक प्रतिबद्धता के तहत की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

