Ramnagar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़े के तहत गुरुवार को पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 24 विभागों ने एक ही मंच पर स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया।
शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
शिविर में कुल 190 शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 98 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मदन मोहन अग्रवाल देवभूमि व्यापार मंडल ने रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में 100 बेड और चिकित्सकों की तैनाती का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल की लंबित समस्याओं का आकलन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं छोई क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और निर्माण की शिकायत पर पुलिस क्षेत्राधिकारी को संबंधित क्षेत्रों में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
नजूल भूखंड को फ्रीहोल्ड कराने, खतौनी में नाम दर्ज कराने, रामनगर के मुख्य बाजार में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात व्यवस्था, संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, सड़क किनारे खराब वाहनों को हटाने तथा बिजली के पोल और तारों से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
गंगोत्री विहार कॉलोनी में जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़क के पुनर्निर्माण, दयारामपुर टांडा क्षेत्र में डीएमएफ मद से 50 सोलर लाइट लगाने और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों से कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल शिकायत निस्तारण तक सीमित न रखते हुए सेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं की जटिलताओं से हमेशा परिचित नहीं होता, इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उनकी समस्याओं को सरलता और सहानुभूति के साथ सुनकर नियमानुसार समाधान किया जाए। उन्होंने पात्र लोगों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया।
शिविर में सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कुक्कुट एवं दुधारू पशुपालन के लिए चार लाभार्थियों को कुल 5.10 लाख रुपये के चेक वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गईं।
समाज कल्याण विभाग ने जरूरतमंद लाभार्थियों को एक ट्राई साइकिल, दो व्हीलचेयर और चार श्रवण यंत्र वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता संदेश दिया गया तथा नाथूपुर छोई और चुकुम के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि, विद्युत, श्रम, उरेडा, खाद्य एवं सहकारिता समेत 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने मौके पर आवेदन भी स्वीकार किए और विभागीय समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की।
कार्यक्रम में राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना, जिला परियोजना निदेशक चंद्रा फत्याल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह सेवा पखवाड़ा जनपद के आठ विकासखंडों में क्रमवार आयोजित किया जाएगा। अगला शिविर 9 अक्टूबर को धारी ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित होगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
