Rudraprayag: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकपर्व इगास (बूढ़ी दिवाली) के पावन अवसर पर शनिवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने माताओं-बहनों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें फल एवं उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के साथ बैठकर भोजन करने का भी सौभाग्य प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं की आत्मा हैं, जो हमें अपने मूल से जोड़ते हैं। रुद्रप्रयाग की माताओं-बहनों के बीच बिताए ये क्षण उनके जीवन के अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय रहे। उन्होंने कहा कि माताओं के आशीर्वाद और बहनों के अटूट विश्वास ने उन्हें उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए आजीवन समर्पित रहने की नई प्रेरणा दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सेवा करते हुए जनता से जो स्नेह, विश्वास और अपनापन मिलता है, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जनता का दुख उनका अपना दुख है और उनके जीवन में खुशियां लाना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, राहत और जीवन पुनर्निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रभावित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे और हर स्तर पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
इस अवसर पर विधायक श्री भारत सिंह चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

