Rudrapur: ऊधमसिंह नगर जिले के सिडकुल पंतनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बहुराष्ट्रीय खाद्य निर्माण कंपनी के प्लांट के बाहर सड़क पर अमोनिया गैस फैलने से अफरा तफरी मच गई। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया। समय रहते कार्रवाई होने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर अचानक अमोनिया गैस फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपने वाहन रोक दिए, जबकि कुछ ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र को घेरकर यातायात रोक दिया गया ताकि कोई भी व्यक्ति गैस की चपेट में न आए।
अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क पर फैले केमिकल को पानी और अन्य आवश्यक संसाधनों की मदद से निष्प्रभावी किया। काफी देर तक चले ऑपरेशन के बाद सड़क को सुरक्षित घोषित किया गया और यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।
सिडकुल चौकी प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह कठैत ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभाग मौके पर पहुंच गए थे। समन्वित कार्रवाई के जरिए सड़क पर फैले केमिकल को हटाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि अमोनिया गैस किस वाहन से सड़क पर गिरी और घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया ने बताया कि अमोनिया गैस का उपयोग सामान्यतः कोल्ड स्टोरेज में किया जाता है। यह गैस त्वचा के संपर्क में आने पर खुजली और आंखों में तेज जलन पैदा कर सकती है। वहीं अधिक मात्रा में इसके संपर्क या सांस के जरिए शरीर में प्रवेश करने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क पर किसी भी प्रकार का रासायनिक पदार्थ दिखाई देने पर उससे दूर रहें और तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें।

Chief Editor, Aaj Khabar
