Bageshwar: जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, बहुली और जवाहर नवोदय विद्यालय, सीमर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का गहनता से आकलन किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोनिका भी उनके साथ मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विज्ञान प्रयोगशाला की भी जांच की और निर्देश दिए कि प्रयोगशालाओं में आवश्यक संसाधनों की कोई कमी न हो, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के अधिक अवसर मिल सकें।
विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन का स्वाद लिया और रसोई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि शिक्षण स्तर को और अधिक सुदृढ़ किया जाए और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने अनुशासन, स्वच्छता और शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन का महत्व समझाते हुए प्रेरित किया कि वे अपने लक्ष्य की ओर पूरी निष्ठा से आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षकों से भी संवाद किया और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
