Haridwar: हरिद्वार जिला कारागार में रामलीला मंचन के दौरान फरार हुए कैदी पंकज को एसटीएफ और पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस की गोली लगने से पंकज घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिछले साल दशहरे की रात हरिद्वार जेल में रामलीला का आयोजन किया गया था। इस दौरान कैदियों पंकज (28) और रामकुमार (24) को वानर सेना के किरदार निभाने का मौका मिला। रामलीला के बीच मौका पाकर दोनों कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, रामकुमार को पहले ही हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि पंकज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
गुरुवार रात को एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस ने पंकज को घेर लिया। खुद को घिरा देख उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
फरार कैदी पंकज पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसे कहां-कहां पनाह मिली और क्या किसी बड़े अपराधी गिरोह से उसका संबंध था।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
