Headlines

Rishikesh: मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश में राफ्टिंग बेस स्टेशन व बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं का किया शिलान्यास

Rishikesh: मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश में राफ्टिंग बेस स्टेशन व बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं का किया शिलान्यास
शेयर करे-

Rishikesh: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण के तहत आइकॉनिक सिटी ऋषिकेश राफ्टिंग बेस स्टेशन का शिलान्यास किया। यह परियोजना शिवपुरी से मुनिकी रेती तक विकसित की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है और इसे आगामी दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश की भूमि पर 136 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला कार पार्किंग और कार्यालय भवन का भी शिलान्यास किया। इस परियोजना में 10,441 वर्ग मीटर क्षेत्र में 1038 वाहनों के लिए पार्किंग और नगर निगम, जल संस्थान तथा यूपीसीएल के कार्यालयों का निर्माण किया जाएगा। इसमें अग्निशमन सुरक्षा, आधुनिक सीसीटीवी, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, वर्षा जल संचयन, सोलर लाइट, लिफ्ट तथा हरित क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश अंतर्गत लगभग 1.51 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण मित्रों को मेडिकल किट और यात्री मित्र किट वितरित की और हाइड्रोजेल वाटरलेस टॉयलेट का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राफ्टिंग बेस स्टेशन के निर्माण से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और ऋषिकेश को रिवर राफ्टिंग के वैश्विक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि राफ्टिंग मार्गों की रियल टाइम मॉनिटरिंग, सीसीटीवी कैमरे, एसओएस अलार्म और आपातकालीन सहायता स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग के बनने से शहर की ट्रैफिक और पार्किंग समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी, खासकर चारधाम यात्रा के समय। साथ ही, एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के कार्यालय होने से आम जनता को भी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य के व्यापक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में 1600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बुनियादी ढांचे को सशक्त किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। नीलकंठ महादेव मंदिर तक रोपवे और 557 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति परियोजनाएं तथा 183 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ऋषिकेश में राफ्टिंग, रोपवे और शटल सेवाओं जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी, तो यह पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा जिससे व्यवसाय और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि साल में एक दिन गंगा में तिरंगा लेकर राफ्टिंग कर देशभक्ति का एक नया संदेश दें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, श्रीमती रेणु बिष्ट, मेयर श्री शंभू पासवान, प्रमुख सचिव श्री मीनाक्षी सुंदरम, गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी श्री सविन बंसल, एमडीडीए उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Rishikesh

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *