Almora: अल्मोड़ा जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी लेखाकार द्वारा शिकायतकर्ता से उसके स्वीकृत 3 लाख रुपये के शौचालय निर्माण कार्य के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान द्वारा निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल 2026 को आरोपी को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करते हुए हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Chief Editor, Aaj Khabar
