Headlines

Uttarakhand: बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले में गिरफ्तार कर्मचारी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, एसआईटी जांच जारी

Uttarakhand: बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले में गिरफ्तार कर्मचारी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, एसआईटी जांच जारी
शेयर करे-

Uttarakhand: बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय, गोपेश्वर ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया। मामले की जांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) द्वारा जारी है।

सोमवार को आरोपी को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं प्रभारी न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोशीमठ हीना कौसर की अदालत में पेश किया गया। पुलिस की जांच टीम ने न्यायालय से आरोपी की कस्टडी रिमांड मांगी थी, लेकिन मामले से संबंधित विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेजने के आदेश दिए।

इससे पूर्व पुलिस टीम आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर बदरीनाथ कोतवाली लाई, जहां सीसीटीवी फुटेज में सामने आए अन्य कर्मचारियों से उसका आमना-सामना कराया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया है और आरोपी सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।

आरोपी ने आरोपों को बताया निराधार

पुलिस के अनुसार आरोपी बीकेटीसी कर्मचारी के पास से शालिग्राम की एक मूर्ति और एक लैपटॉप बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि यह लैपटॉप मंदिर समिति की ओर से उसे उपलब्ध कराया गया था, जिसे पुलिस ने बदरीनाथ थाने में जमा कर दिया है। वहीं पूछताछ के दौरान आरोपी प्रमोद नौटियाल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी प्रकार की हेराफेरी से इनकार किया है।

यह है पूरा मामला

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने 8 जुलाई को कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर देकर बताया था कि 2 जुलाई को बदरीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिली थी। इसके बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर बीकेटीसी की आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया।

प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर थाली भेंट गणना स्थल से नोटों की गड्डियां और अन्य भेंट सामग्री निजी हित में ले जाने के आरोप सामने आए। तहरीर के आधार पर कोतवाली बदरीनाथ में आरोपी के खिलाफ चोरी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विवेचना के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आरोपी सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

जांच के दौरान 2 जुलाई को थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार धनराशि और भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा अपनी जेब में रखकर गणना कक्ष से बाहर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी अलग-अलग समय पर नकदी, सोने-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट गणना कक्ष से बाहर ले गया।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस टीम ने 12 जुलाई की रात करीब 10 बजे देहरादून स्थित उसके आवास से प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को बदरीनाथ कोतवाली लाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे जिला न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया। मामले की विवेचना अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *