Headlines

Dehradun: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष रेल यात्रा को मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, 700 श्रद्धालु वेरावल के लिए रवाना

Dehradun: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष रेल यात्रा को मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, 700 श्रद्धालु वेरावल के लिए रवाना
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष्य में वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस छह दिवसीय यात्रा में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि यात्रा में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी माताएं-बहनें, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, अदम्य विश्वास और पुनरुत्थान का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर ने यह संदेश दिया है कि भारत हर चुनौती के बाद और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है और उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य में लागू समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून तथा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे जहां भी जाएं, देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का प्रतिनिधित्व करें। इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *