Uttarakhand: विश्व प्रसिद्ध चारधाम में शामिल बदरीनाथ धाम के कपाट आज दोपहर 2:56 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। करीब 5 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कपाट बंदी का यह अद्भुत समारोह सम्पन्न हुआ। बदरी विशाल के दरबार को 12 क्विंटल गेंदे के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी। सेना के बैंड की धुन और जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा।
परंपरा के अनुसार रावल अमरनाथ नंबूदरी ने कपाट बंद करने की रस्म अदा की। भगवान बदरी विशाल को माणा महिला मंगल दल की ओर से तैयार घृत कंबल ओढ़ाया गया। इस दौरान उद्धव और कुबेर की प्रतिमाओं को गर्भगृह से बाहर लाया गया, जबकि देवी लक्ष्मी गर्भगृह में विराजमान हुईं। अब शीतकाल में भक्त पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी में भगवान के दर्शन करेंगे।
इस वर्ष 16 लाख 60 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कपाट बंद होते ही भगवान की उत्सव मूर्ति ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए रवाना हो गई, जहाँ शीतकाल भर पूजा-अर्चना होगी। वहीं, उद्धव और कुबेर जी की मूर्तियाँ योगध्यान बदरी में विराजेंगी। कपाट बंद होने से धाम में शांति छा गई है और बदरीनाथ धाम शीतकाल की तपस्या में प्रविष्ट हो गया है।
धरती के बैकुंठ के रूप में प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम अलकनंदा नदी के तट पर स्थित है और समुद्र तल से 3,133 मीटर ऊँचाई पर स्थित यह धाम भगवान विष्णु को समर्पित है। यहाँ शालिग्राम की स्वयंभू एक मीटर ऊँची प्रतिमा सहित कुल 15 मूर्तियाँ विराजित हैं। बदरीनाथ पंचबद्री में प्रमुख स्थान रखता है—योगध्यान बद्री, भविष्य बद्री, वृद्ध बद्री और आदिबद्री इसके अन्य स्वरूप हैं। परंपरा के अनुसार मंदिर के मुख्य पुजारी दक्षिण भारत के केरल से आते हैं, जैसा कि आदि गुरु शंकराचार्य की व्यवस्था में निर्धारित है।

Chief Editor, Aaj Khabar
