Headlines

Uttarakhand: रुड़की में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: सगे भाई ने दो बहनों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, जीजा भी गंभीर घायल

Uttarakhand: रुड़की में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: सगे भाई ने दो बहनों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, जीजा भी गंभीर घायल
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार देर शाम एक ही परिवार में हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि अपने जीजा को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, गणेशपुर-आजाद नगर पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि विक्की नाम के युवक ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर अपनी दोनों सगी बहनों को निशाना बनाया।

बताया गया कि आरोपी ने पहले गणेशपुर निवासी अपनी बहन शकुंतला को गोली मारी। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से पूछताछ कर रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्की नाम के युवक ने अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *