Headlines

Uttarakhand: भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच चारधाम यात्रा एहतियातन स्थगित

Uttarakhand: भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच चारधाम यात्रा एहतियातन स्थगित
शेयर करे-

Uttarakhand: देश में लगातार हो रही भारी वर्षा, भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। साथ ही मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रियों को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए।

प्रशासन ने मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए तीर्थयात्रियों एवं आमजन तक समय पर सही और आधिकारिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल मौजूदा मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है। जैसे ही मार्ग सुरक्षित होंगे और परिस्थितियां सामान्य होंगी, चारधाम यात्रा का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें तथा मौसम और मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक संबंधित जिला प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *