Haridwar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय आर्म्ड पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की ओर से धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार का सजीव प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है, जो चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने इसे मातृशक्ति के सम्मान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थलों पर ही सुनिश्चित किए जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Chief Editor, Aaj Khabar
