Joshimath: उत्तराखंड के जोशीमठ क्षेत्र में सोमवार, 23 जून 2025 को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब पाताल गंगा के पास एक यात्री वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट जोशीमठ से निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बचाव अभियान चलाया गया। जांच में पाया गया कि हरियाणा नंबर की एक बलेनो कार (HR-22T-5713) पत्थर गिरने की चपेट में आ गई थी, जिसमें कुल तीन लोग सवार थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक पुरुष और एक बच्चे को घायल अवस्था में बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, वाहन में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जिला पुलिस द्वारा मृतका के शव को अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान अंकित (पुत्र श्री बजरंग लाल, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा) और 10 वर्षीय ख्वाहिश के रूप में हुई है। मृतक महिला की पहचान 36 वर्षीय शिल्पा के रूप में की गई है। प्रशासन ने बताया कि इलाके में भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

