Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन के अनुरूप “विकसित उत्तराखंड” के निर्माण की दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य की पर्यटन क्षमता को सुदृढ़ करने, ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन सचिव को निर्देशित किया कि राज्य के पर्यटन ढांचे को मजबूती देने के लिए अल्पकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाएं। इन योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में प्रत्येक जनपद में सारकोट गांव की तर्ज पर दो गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही निर्माण कार्यों में स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला का पूर्ण समावेश होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर घोषित दो स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना हेतु उपयुक्त स्थानों का शीघ्र चिन्हांकन कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, राज्य में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नए डेस्टिनेशन विकसित किए जाएंगे ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में होमस्टे मॉडल प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है। धार्मिक, साहसिक और ग्रामीण पर्यटन के समन्वय से राज्य को एक आदर्श पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार निरंतर प्रयत्नशील है।
शासकीय आवास पर हुई बैठक के दौरान अधिकारियों को आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के "विकसित भारत" के विजन के अनुरूप "विकसित उत्तराखंड" की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान पर्यटन सचिव को राज्य के पर्यटन ढांचे को मजबूती प्रदान करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन… pic.twitter.com/bpciNxLhl5
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 23, 2025
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

