Headlines

Uttarakhand: 11 हजार वोल्ट लाइन से टकराया चारधाम यात्रा का हेलीकॉप्टर, महिला पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Uttarakhand: 11 हजार वोल्ट लाइन से टकराया चारधाम यात्रा का हेलीकॉप्टर, महिला पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा टल गया। बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के दौरान हेलीकॉप्टर हवा में अनियंत्रित होकर हिचकोले खाने लगा, लेकिन महिला पायलट अनुपमा चौधरी की सूझबूझ और साहस से सभी छह यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर को मूल रूप से गुप्तकाशी होकर देहरादून पहुंचना था, लेकिन बीच में रूट बदलकर सीधे देहरादून जाने का संदेश मिला। इसी दौरान चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब साढ़े 9 बजे हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार फंसते ही हेलीकॉप्टर बुरी तरह डगमगाने लगा और नीचे आने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बेहद गंभीर स्थिति के बावजूद पायलट अनुपमा चौधरी ने धैर्य बनाए रखा और हेलीकॉप्टर को नियंत्रित करते हुए सत्यो-सकलाना के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।

हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन पायलट समेत सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर में पुत्र राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सड़क मार्ग से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया है।

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *