Headlines

Dehradun: देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में ICU में भीषण आग, दम घुटने से महिला मरीज की मौत, AC में शॉर्ट सर्किट की आशंका

Dehradun: देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में ICU में भीषण आग, दम घुटने से महिला मरीज की मौत, AC में शॉर्ट सर्किट की आशंका
शेयर करे-

Dehradun: राजधानी देहरादून स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब ICU में लगे AC में अचानक आग लगने से पूरे ICU में धुआं और अफरा-तफरी फैल गई। घटना सुबह करीब 9:22 बजे हुई, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि इस हादसे में एक महिला मरीज की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक ICU में उस समय छह मरीज भर्ती थे। अस्पताल स्टाफ और राहत टीम ने सभी मरीजों को तत्काल बाहर निकाला और अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया। कई मरीजों को कैलाश अस्पताल और दून अस्पताल भेजा गया। कैलाश अस्पताल के निदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि वीरवती नाम की 60 वर्षीय महिला को अस्पताल लाया गया, लेकिन वह मृत अवस्था में थीं। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह धुएं में दम घुटना और झुलसना मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे और आईजी गढ़वाल भी मौके पर पहुंचे। कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ICU की फॉल सीलिंग में लगे AC में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि घटना के समय अस्पताल में कुल 14 लोग मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक गंभीर मरीज को विशेष उपचार के लिए कैलाश अस्पताल रेफर किया गया है।

गढ़वाल कमिश्नर ने कहा कि अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी ऑडिट को लेकर सरकार पहले से सख्त है और इस घटना की भी विस्तृत जांच कराई जाएगी। वहीं, चीफ फायर ऑफिसर अभिनय त्यागी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम महज छह मिनट में मौके पर पहुंच गई थी और प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *