Rudraprayag: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुप्तकाशी में चतुर्थ सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ कर नवोदित बाल वैज्ञानिकों से संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने अनेक सुझाव साझा किए और मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सीमांत क्षेत्र परिषद का गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है। प्रदेश के सभी जनपदों में इनोवेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ एआई, मशीन लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देहरादून में देश की पाँचवीं साइंस सिटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो उत्तराखंड के वैज्ञानिक और शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, तथा जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत भी मौजूद रहीं।

Chief Editor, Aaj Khabar

