Headlines

Uttarakhand: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, हरिद्वार में उमड़ा जनसैलाब

Uttarakhand: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, हरिद्वार में उमड़ा जनसैलाब
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और संत समाज मौजूद रहे।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और सुशासन की मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी जी सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे और उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और अनुशासन का प्रतीक रहा। उन्होंने हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया और उनके योगदान को उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश हमेशा याद रखेगा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत सहित कई विधायक, भाजपा पदाधिकारी और संतगण मौजूद रहे।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *