Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई भी दी।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में जो अमूल्य योगदान दिया, उसे प्रदेश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं श्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, भाजपा महामंत्री (संगठन) श्री अजेय कुमार, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
