Headlines

Dehradun: दिनदहाड़े विकासनगर के किराए के कमरे में चली गोली, खून से लथपथ मिला युवक का शव, महिला गंभीर घायल

Dehradun: दिनदहाड़े विकासनगर के किराए के कमरे में चली गोली, खून से लथपथ मिला युवक का शव, महिला गंभीर घायल
शेयर करे-

॰ महिला को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को भी मारी गोली

॰ पुलिस ने मौके से तमंचा किया बरामद

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कल्याणपुर स्थित एक किराए के कमरे में युवक ने पहले महिला को तमंचे से गोली मारी और फिर खुद अपनी कनपटी पर गोली चला ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के एक निजी अस्पताल में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:15 बजे किराए के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने खिड़की की जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।

कमरे के अंदर कमलेश (निवासी हयोटंगरी, चकराता) और संगीता (निवासी बुटानू, उत्तरकाशी) खून से लथपथ पड़े मिले। कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली महिला की कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुई है।

घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। इस कारण वे इस दर्दनाक वारदात का शिकार होने से बच गए।

घटनास्थल से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश और संगीता दोनों शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों के अनुसार कमलेश का संगीता के घर अक्सर आना-जाना था। इसी आधार पर पुलिस मामले की जांच प्रेम प्रसंग के एंगल से भी कर रही है। महिला के पति और युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

विकासनगर के क्षेत्राधिकारी विवेक कुटियाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा महिला के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *