Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा 124वां नंदा देवी मेला, डीएम रयाल ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

Nainital: नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा 124वां नंदा देवी मेला, डीएम रयाल ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश
शेयर करे-

Nainital: आगामी 16 से 23 सितंबर 2026 तक नैनीताल मुख्यालय में आयोजित होने वाले 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव को भव्य, दिव्य एवं स्थानीय परंपराओं के अनुरूप आयोजित कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपदवासियों की आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के दौरान आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित हों तथा स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक पहचान मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्टॉलों का आवंटन किया जाएगा, जिसमें हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने मेले को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक का उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने नगर को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन करने, ठंडी सड़क सहित सभी प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था करने तथा जहां-जहां स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है वहां समय से पहले उन्हें स्थापित करने के निर्देश नगर पालिका को दिए।

बैठक में मेला व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पंडाल, टेंट, स्टॉल एवं मंच निर्माण सहित सभी कार्यों की पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री रामसभा स्थल, मंदिर परिसर एवं संपूर्ण मेला क्षेत्र की व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं तथा उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्री राम सेवा समिति के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका एवं सिंचाई विभाग को डोला यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को मेले से पहले लोअर मॉल रोड को पूरी तरह सुचारू करने के लिए कहा गया। ग्रामीण निर्माण विभाग को डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा मेला क्षेत्र में कीचड़ की समस्या रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर कंक्रीट डालने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका को मेले के दौरान सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। पेयजल विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, टैंकर एवं स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में जानकारी दी गई कि मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।

विद्युत विभाग को झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा वन विभाग को मार्गों में बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को मेले के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए रोडवेज की अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।

सूचना, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को मेले के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और उनका सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बन सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, पुलिस अधीक्षक (यातायात) जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, पुलिस उपाधीक्षक शशिकांत सेमवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज शाह, सचिव जगदीप बवाड़ी,प्रबंधक विमल चौधरी, होटल एसोशिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, व्यापार संघ के अध्यक्ष मारुति नंदन शाह,सचिव शिव शंकर, डीएसए सचिव मनोज जोशी, दयाकिशन पोखरिया, अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण,पेयजल, जल संस्थान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका,पर्यटन विकास अधिकारी, सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Nainital

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *