Uttarakhand: घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा और असरदार बदलाव सामने आया है। गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग से जुड़े नियमों में संशोधन करते हुए दो रिफिल के बीच का अंतराल बढ़ा दिया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य कालाबाजारी पर रोक लगाना और वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना बताया जा रहा है।
नए नियमों के अनुसार अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी और अगली बुकिंग के बीच अनिवार्य अंतराल 25 दिनों से बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। यानी अब उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक करने के लिए पहले से ज्यादा इंतजार करना होगा। यह नियम विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को प्रभावित करेगा, जिनके पास डबल सिलेंडर कनेक्शन है और जो नियमित रूप से रिफिल कराते हैं।
गैस कंपनियों ने अलग-अलग श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए अलग समय-सीमा निर्धारित की है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को अब 45 दिन का इंतजार करना होगा, जबकि सिंगल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ता 25 दिन बाद ही बुकिंग कर सकेंगे। डबल सिलेंडर कनेक्शन रखने वालों के लिए यह अवधि 35 दिन तय की गई है।
छोटे सिलेंडरों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है। 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए 9 से 16 दिन और 10 किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए 18 से 32 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है।
इस बदलाव की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब बुकिंग की पात्रता पिछली बुकिंग की तारीख से नहीं, बल्कि सिलेंडर की वास्तविक डिलीवरी की तारीख से तय होगी। यदि कोई उपभोक्ता निर्धारित समय से पहले बुकिंग करने की कोशिश करता है, तो सिस्टम स्वतः उस अनुरोध को अस्वीकार कर देगा।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस कंपनियों ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 भी जारी किया है, जहां किसी भी समस्या या जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में यह अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किया गया था और अब इसे और बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इन बदलावों से एलपीजी की खपत को संतुलित करने और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर भी दबाव बना हुआ है। हालांकि सरकार ने राज्यों के लिए कमर्शियल गैस के आवंटन में 20 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी की है, जिससे कुल आवंटन अब 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसके बावजूद, जमीनी स्तर पर पूरी राहत मिलने में अभी कुछ समय लग सकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
