Headlines

Haridwar: प्रमोशन के नाम पर रिश्वत का खेल बेनकाब, रुड़की में सुपरवाइजर 50 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Haridwar: प्रमोशन के नाम पर रिश्वत का खेल बेनकाब, रुड़की में सुपरवाइजर 50 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
शेयर करे-

Haridwar: भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की ग्रामीण द्वितीय क्षेत्र में तैनात बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बुधवार को विजिलेंस थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सुपरवाइजर पर प्रमोशन कराने के नाम पर धन की मांग करने का आरोप था। पीड़ित द्वारा की गई शिकायत के आधार पर सतर्कता विभाग ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

इस गिरफ्तारी के बाद विकास भवन रोशनाबाद स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) कार्यालय में हड़कंप मच गया है। मामले में डीपीओ कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आने के बाद जांच का दायरा और व्यापक कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, बाल विकास विभाग सहित प्रशासनिक तंत्र में इस घटना के बाद खलबली का माहौल है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

फिलहाल सतर्कता विभाग पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रहा है और संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *