Uttarakhand: देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन श्री मुकेश अंबानी शुक्रवार को चारधाम यात्रा के अंतर्गत भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन हेतु उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक यात्रा के बाद मंदिर समिति द्वारा उन्हें पारंपरिक पहाड़ी टोपी और तुलसी की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। श्री अंबानी ने चारधाम यात्रा प्रबंधन, तीर्थयात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे राज्य के विकास कार्यों की सराहना की।
ध्यान देने योग्य बात यह रही कि अंबानी परिवार ने इस वर्ष भी अपनी वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कुल ₹10 करोड़ की दान राशि भेंट की, जो पिछले वर्षों की तुलना में दोगुनी है। यह राशि धामों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण हेतु उपयोग में लाई जाएगी।
मंदिर समिति के अध्यक्ष ने श्री मुकेश अंबानी और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके दीर्घायु और समाज कल्याण में निरंतर योगदान की कामना की। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी अंबानी परिवार का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar

