Uttarakhand: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 13 जिलों के 42 विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह से ही मतदाता अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जिन विकासखंडों में आज मतदान हो रहा है, उनमें अल्मोड़ा के ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया शामिल हैं। ऊधमसिंह नगर के खटीमा, सितारगंज, गदरपुर और बाजपुर में भी मतदान हो रहा है। चंपावत के लोहाघाट व पाटी, पिथौरागढ़ के धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी और कनालीछीना, नैनीताल के बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़ और धारी में भी मतदान प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा बागेश्वर के बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट, उत्तरकाशी के मोरी, पुरोला और नौगांव, चमोली के देवाल, थराली, ज्योतिर्मठ और नारायणबगड़, टिहरी गढ़वाल के जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार और भिलंगना, देहरादून के चकराता, कालसी और विकासनगर, पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर और पोखड़ा तथा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ, जखोली और अगस्त्यमुनि ब्लॉक शामिल हैं।
मतदाताओं को मतदान के लिए कुल 25 प्रकार के दस्तावेजों को पहचान पत्र के रूप में मान्यता दी गई है। इनमें आधार कार्ड, ईपीआईसी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, बिजली-पानी के बिल से लेकर पेंशन दस्तावेज, छात्र पहचान पत्र और अन्य वैध प्रमाणपत्र शामिल हैं। लेखपाल या संबंधित ग्राम में तैनात अध्यापक भी पहचान सत्यापन के लिए अधिकृत किए गए हैं।
पंचायत चुनाव पर मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचायत चुनाव में सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और लोकतंत्र की मजबूती जनता की जागरूकता पर निर्भर करती है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अधिकाधिक मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

