Pithoragarh- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्वीटी से मुनस्यारी जा रही एक टैक्सी हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टैक्सी संख्या यूके 05-टीए 5586 शनिवार सुबह क्वीटी से मुनस्यारी की ओर रवाना हुई थी। सुबह करीब 10 बजे हरकोट बैंड के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
दुर्घटना में बला गांव निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पूर्व सैनिक थे और कैंटीन से सामान लेने के लिए मुनस्यारी जा रहे थे। वहीं बला गांव के प्रताप सिंह, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता और चालक चंचल सिंह कोरंगा घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरकोट बैंड क्षेत्र में न तो क्रैश बैरियर लगे हैं और न ही मजबूत पैरापिट बनाए गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इस मोड़ पर पहले भी हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क किनारे सुरक्षा बैरियर लगाए गए होते तो वाहन खाई में गिरने से बच सकता था। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Your message has been sent

Chief Editor, Aaj Khabar
