Headlines

Ramgarh: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की मौजूदगी में रामगढ़ जनसेवा शिविर, 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

Ramgarh: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की मौजूदगी में रामगढ़ जनसेवा शिविर, 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
शेयर करे-

Ramgarh: सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े के तहत विकासखंड रामगढ़ के रामलीला मैदान गोमतीगैर सूपी में सोमवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ 358 लाभार्थियों तक पहुंचाया गया, जबकि प्राप्त 27 शिकायतों में से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। शेष दो शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुर्वेद और होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को मुफ्त औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की जानकारी दी।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए।

शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *