Headlines

Rudrapur:NH-74 पर ट्राले की टक्कर से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, 400 मीटर तक घसीटने से शव क्षत-विक्षत; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।

Rudrapur:NH-74 पर ट्राले की टक्कर से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, 400 मीटर तक घसीटने से शव क्षत-विक्षत; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।
शेयर करे-

Rudrapur: उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में NH-74 पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 46 वर्षीय डॉक्टर मंटू चंद्र राय की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर के बाद डॉक्टर को वाहन करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता रहा, जिससे उनका शव कई हिस्सों में बिखर गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतक की पहचान मंटू चंद्र राय पुत्र विकास चंद्र राय निवासी रतन फार्म नंबर-03, राजनगर शक्ति फार्म, उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी जाफरपुर के लंबाखेड़ा क्षेत्र में क्लीनिक थी। देर रात क्लीनिक बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिनेशपुर कट के पास गदरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राला संख्या UP 25 ET 1658 ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राले की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और ट्राला उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसा इतना भयावह था कि उनका शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर कई हिस्सों में बिखर गया।

घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना अध्यक्ष रविंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे में शामिल ट्राले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि NH-74 पर तेज रफ्तार और बेलगाम भारी वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्राला चालक की तलाश जारी है।

Rudrapur:NH-74 पर ट्राले की टक्कर से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, 400 मीटर तक घसीटने से शव क्षत-विक्षत; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *