Uttarakhand: बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी ने बुधवार को मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को देहरादून लाकर उसके नेहरू कॉलोनी स्थित आवास पर करीब तीन घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। बरामद दस्तावेजों का अब सत्यापन किया जाएगा। तलाशी के बाद एसआईटी आरोपी को वापस चमोली लेकर रवाना हो गई।
गौरतलब है कि एसआईटी ने प्रमोद नौटियाल को 12 जुलाई को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान मिले नए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर एसआईटी ने मजिस्ट्रेट कोर्ट से चार दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल की। मंगलवार को आरोपी को बदरीनाथ धाम स्थित बीकेटीसी कार्यालय ले जाकर पूछताछ की गई, जबकि बुधवार को उसे देहरादून लाकर उसके घर की तलाशी ली गई।
सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान देहरादून और चमोली जिले में स्थित संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों के अलावा बैंक खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं। एसआईटी अब इन दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाएगी कि इनका चढ़ावा चोरी प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं।

Chief Editor, Aaj Khabar
