Headlines

Udham Singh Nagar: सूरजमल अग्रवाल नर्सिंग कॉलेज में INC मान्यता विवाद पर बवाल, छात्रों ने गेटों पर जड़े ताले, 4 घंटे तक शिक्षक, स्टाफ और पत्रकार रहे बंधक

Udham Singh Nagar: सूरजमल अग्रवाल नर्सिंग कॉलेज में INC मान्यता विवाद पर बवाल, छात्रों ने गेटों पर जड़े ताले, 4 घंटे तक शिक्षक, स्टाफ और पत्रकार रहे बंधक
शेयर करे-

Udham Singh Nagar: सूरजमल अग्रवाल नर्सिंग कॉलेज में भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) की मान्यता नहीं मिलने से नाराज छात्रों का आंदोलन बुधवार को उग्र हो गया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के सभी गेटों पर ताले जड़ दिए, जिससे परिसर के अंदर मौजूद करीब 400 से 500 छात्र-छात्राएं, 50 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और दर्जनभर पत्रकार करीब चार घंटे तक बाहर नहीं निकल सके।

बताया जा रहा है कि पिछले छह महीने से छात्र कॉलेज की INC मान्यता को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से कई बार वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बुधवार को छात्रों ने कॉलेज परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए तथा गेटों पर पहरा देना शुरू कर दिया।

घटना के दौरान कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अंदर फंसे शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने किसी को जाने नहीं दिया। देर शाम कई महिला शिक्षिकाएं एक साथ मुख्य गेट तक पहुंचीं और घर जाने की अनुमति मांगी। इस दौरान कुछ शिक्षिकाओं ने पारिवारिक मजबूरियों का हवाला देते हुए छात्रों से गेट खोलने की अपील की, लेकिन आंदोलनकारी अपने फैसले पर अड़े रहे।

सूचना मिलने पर पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि परिसर के अंदर मौजूद पत्रकारों ने भी स्थिति की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संयम के साथ कार्रवाई की और मुख्य गेट के ताले तोड़कर शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं और पत्रकारों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *