Uttarakhand: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शनिवार को कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा जिले से सामने आया, जहां धौलछीना से सेराघाट की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
डीएल-3सीसी जेड 8690 नंबर की स्कॉर्पियो कसाण बैंड के पास पहले डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 35 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के समय वाहन में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को वाहन से बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही जिंदगी की जंग हार गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
