Nainital: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में गुंडा एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में न्यायालय अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नैनीताल ने समीर खान पुत्र शाहिद निवासी स्टेट बैंक वाली गली, नई बस्ती, थाना काठगोदाम को छह माह के लिए जिला बदर किया है। वहीं मनीष पुत्र गंगाराम निवासी रामलाल कॉलोनी, थाना काठगोदाम को भी छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।
इसके अलावा अरूण आर्या पुत्र हरीश आर्या निवासी गुजरीड़ा बस्ती, फतेहपुर, थाना मुखानी तथा डीकर सिंह कोरंगा पुत्र जवाहर सिंह निवासी संजयनगर-01, बिंदुखत्ता, लालकुआं को एक-एक माह के लिए जिला बदर किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 94 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों के खिलाफ समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई करना जरूरी है, ताकि जिले में कानून का राज कायम रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Chief Editor, Aaj Khabar
