Uttarakhand: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय बेस चिकित्सालय, श्रीनगर में अत्याधुनिक डिजिटल अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) सेवा का शुभारंभ हो गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने नई डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन किया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विनीता आर्या की तैनाती के साथ अब अस्पताल में नियमित रूप से उच्च गुणवत्ता वाली अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नई डिजिटल मशीन से पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट, सटीक और कम समय में जांच संभव होगी। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए देहरादून, ऋषिकेश या अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी।
नई डिजिटल अल्ट्रासाउंड सेवा के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान भ्रूण की निगरानी के साथ लीवर, किडनी, पित्ताशय, अग्न्याशय, मूत्राशय, प्रोस्टेट, थायराइड, गर्भाशय और अंडाशय सहित कई महत्वपूर्ण अंगों की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा गांठ, सूजन, पथरी, आंतरिक रक्तस्राव और अन्य जटिल बीमारियों की भी समय पर सटीक पहचान संभव होगी।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विनीता आर्या ने बताया कि अल्ट्रासाउंड जांच उच्च आवृत्ति की ध्वनि तरंगों पर आधारित होती है और इसमें किसी प्रकार का रेडिएशन नहीं होता। यह पूरी तरह सुरक्षित जांच पद्धति है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि 3 अगस्त से डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीन का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे विशेष रूप से दूर-दराज़ के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
