Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haridwar: उत्तराखंड में मौसम का कहर, हरिद्वार में ओलावृष्टि से गाड़ियों के शीशे टूटे

Haridwar: उत्तराखंड में मौसम का कहर, हरिद्वार में ओलावृष्टि से गाड़ियों के शीशे टूटे
शेयर करे-

Haridwar: उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश के साथ कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली में बड़े आकार के ओले गिरने से कई वाहनों के शीशे टूट गए। वहीं, रामनगर के कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में स्कूटी और फल का ठेला आ गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

हरिद्वार में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। करीब साढ़े दस बजे के बाद अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि होने लगी। रोशनाबाद और रावली में बड़े आकार के ओले गिरने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ओलों की चोट से कई गाड़ियों के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई है।

अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई और मौसम ठंडा हो गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन सड़कों पर आवाजाही करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश तेज होने पर कई लोग सुरक्षित स्थानों पर रुकते नजर आए।

ओलावृष्टि के दौरान लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाए। बड़े आकार के ओले गिरने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरते दिखाई दे रहे हैं। ओलावृष्टि के कारण कई वाहनों के शीशे टूटने से लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ा।

वहीं, रामनगर में बारिश के बीच कानिया चौराहे पर एक विशालकाय पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया। यह घटना पंजाब नेशनल बैंक के पास हुई। पेड़ का भारी-भरकम तना बैंक के बाहर खड़ी एक स्कूटी पर गिर पड़ा, जबकि पास में लगा फल का ठेला भी इसकी चपेट में आ गया।

पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि फल ठेला संचालक ने पेड़ को गिरते देख तुरंत वहां से हटकर अपनी जान बचा ली। यदि वह समय रहते मौके से नहीं हटता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पेड़ सड़क पर गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाकर रास्ता साफ किया।

उत्तराखंड में अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन हरिद्वार में ओलावृष्टि से वाहनों को नुकसान और रामनगर में पेड़ गिरने की घटना ने जनजीवन को प्रभावित किया।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *