Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का शनिवार को मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मंदिर को पर्यटन और आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कुल 2 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसमें से 1 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से छोटा कैलाश मंदिर को विकसित करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद पर्यटन विभाग ने मंदिर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में कार्य शुरू किया है। परियोजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को सौंपी गई है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि छोटा कैलाश मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। विशेष रूप से महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद मंदिर तक जाने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
परियोजना के तहत मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त किया जाएगा। मंदिर परिसर में पारंपरिक शैली का भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाएंगी। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला का भी सुधार किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण करते हुए धार्मिक स्थल को बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि छोटा कैलाश के साथ ही आस्था के प्रमुख केंद्र घोड़ाखाल में भी सौंदर्यीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
छोटा कैलाश मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल कर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
