Headlines

Bhimtal: मुख्यमंत्री धामी ने ग्राफिक एरा में नए अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का किया उद्घाटन, कौशल ज्योति योजना भी शुरू

Bhimtal: मुख्यमंत्री धामी ने ग्राफिक एरा में नए अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का किया उद्घाटन, कौशल ज्योति योजना भी शुरू
शेयर करे-

Bhimtal: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना का भी शुभारंभ किया, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का भविष्य केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को ढालने का साहस रखेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं और इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार तथा युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। सरकार आगे भी विकास की इसी गति को बनाए रखेगी।

मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा की शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने यह साबित किया है कि पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा तथा शोध और रचनात्मक सोच को नई दिशा देगा।

उन्होंने बताया कि ग्राफिक एरा द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। साथ ही कुमाऊँ मंडल में मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर के माध्यम से वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नेतृत्व क्षमता, नवाचार और समाज के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका परिणाम है कि पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रोफेशनल कोर्स का शुभारंभ किया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं और कौशल छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया। धामी सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Bhimtal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *