Bhimtal: उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र भीमताल पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। अमृतपुर, भीमताल बाजार, खुटानी, चाफी, मटियाल, पदमपुरी और धारी सहित विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यकर्ताओं ने मंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वे राज्य के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें पुनः विधानसभा में सेवा का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है और वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
कैड़ा ने यह भी कहा कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा, जिससे भीमताल विधानसभा का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।


Chief Editor, Aaj Khabar
