Bhimtal: नैनीताल जनपद के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत ज्योली गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योलीकोट से लगे ज्योली गांव निवासी दया किशन पांडेय की पत्नी हेमा पांडेय (47) मंगलवार दोपहर चारा लेने के लिए जंगल गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण तत्काल जंगल की ओर दौड़ पड़े। करीब दो किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने प्रभागीय वनाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
