Bihar: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार में कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। उनके साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और महागठबंधन के तमाम बड़े नेता भी शामिल हैं।
शनिवार को यात्रा के आठवें दिन एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। राहुल गांधी जब बुलेट पर सवार होकर पूर्णिया-अररिया रोड स्थित जलालगढ़ ब्लॉक के पास से गुजर रहे थे, तभी एक युवक अचानक उनके करीब पहुंच गया और किस करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को तुरंत पकड़ लिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उस वक्त राहुल गांधी बुलेट चला रहे थे और उनके पीछे बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बैठे थे, जबकि थोड़ी दूरी पर तेजस्वी यादव भी दूसरी बुलेट पर थे।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सड़क किनारे गढ़बनेली के पास ‘अपना ढाबा’ पर भी रुके। यहां उन्होंने चाय-नमकीन, चिप्स और मैगी का स्वाद लिया। ढाबा मालिक अमित कुमार ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे आत्मीय बातचीत की और लोगों के व्यवहार की प्रशंसा की। इस दौरान सांसद पप्पू यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
अररिया पहुंचने पर राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता में कहा कि तेजस्वी यादव के साथ उनकी मजबूत साझेदारी बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में ‘SIR’ के जरिए वोट चोरी हो रही है और चुनाव आयोग इस पर आंख मूंदे बैठा है। राहुल ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग की सांठगांठ के चलते विपक्ष की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने भी चुनाव आयोग को ‘गोदी आयोग’ करार देते हुए कहा कि उसकी विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यह यात्रा लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने का अभियान है। वहीं, बातचीत के दौरान जब तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान के शादी करने का जिक्र किया, तो राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि यह बात उन पर भी लागू होती है।

Chief Editor, Aaj Khabar

