Champawat: पाटी ब्लॉक क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां बारात लौट रही एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गई। वाहन घाट के पास बागधार मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और करीब 200 मीटर नीचे जा लुढ़का। हादसे में पाँच बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में एक ही परिवार के दो सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। भारी प्रयासों के बाद शवों और घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार, 4 दिसंबर को शेराघाट (गंगोलीहाट) से बारात पाटी ब्लॉक के बालातड़ी गांव आई थी। विवाह समारोह के बाद रात में बारात वापस लौट रही थी कि तभी बोलेरो (UK 04 TV 2074) बागधार क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मृतक
- प्रकाश चंद उनियाल (40), सुभाषनगर रुद्रपुर
- केवल चंद्र उनियाल (35)
- सुरेश नौटियाल (32)
- भावना चौबे (28)
- प्रियांशु चौबे (6)
घायल
- देवीदत्त पांडेय (38), चालक, सेराघाट अल्मोड़ा
- धीरज उनियाल (12), रुद्रपुर
- राजेश जोशी (14), बनकोट गंगोलीहाट
- चेतन चौबे (5), दिल्ली
- भास्कर पंडा, सेराघाट गंगोलीहाट
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।


Chief Editor, Aaj Khabar
