Headlines

Odisha: माइंस डिप्टी डायरेक्टर पर विजिलेंस का शिकंजा, 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तारी, घर से 4 करोड़ से अधिक कैश बरामद

Odisha: माइंस डिप्टी डायरेक्टर पर विजिलेंस का शिकंजा, 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तारी, घर से 4 करोड़ से अधिक कैश बरामद
शेयर करे-

Odisha: ओडिशा में सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने खनन विभाग में बड़े भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करते हुए कटक सर्कल के माइंस (खनन) के डिप्टी डायरेक्टर देवब्रत मोहंती को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार रात की गई, जब मोहंती एक लाइसेंसी कोयला डीलर से अवैध रूप से धन ले रहे थे।

विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को एक साथ उनके तीन ठिकानों पर छापेमारी की। भुवनेश्वर स्थित श्रीविहार नेचर्स अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 302 से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए। विभाग के अनुसार, विजिलेंस के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी नकद बरामदगी मानी जा रही है।

जांच में सामने आया है कि मोहंती कोयला डिपो को सुचारु रूप से संचालित करने और परिवहन की अनुमति देने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद भुवनेश्वर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस (1/2026) दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, बरामद नकदी ट्रॉली बैग और अलमारी में छिपाकर रखी गई थी। टीम मौके पर ही नोटों की गिनती में जुटी रही। इसके अतिरिक्त, उनके कार्यालय के दराज से 1 लाख 20 हजार रुपये और बरामद किए गए हैं।

विजिलेंस टीम ने भद्रक जिले के मठसाही स्थित उनके पुश्तैनी घर, कटक स्थित कार्यालय, भुवनेश्वर की पहाड़ियों के पास 2400 वर्ग फीट की दो मंजिला इमारत तथा सुनालंका गांव के पास 130 वर्ग मीटर की दो मंजिला भवन में भी छापेमारी की है।

छापेमारी के बाद अब मोहंती की चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। विजिलेंस विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच के दायरे को और विस्तारित किया जा सकता है। इस कार्रवाई के बाद राज्य के खनन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *