Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी तथा सेवादान आरोग्य संस्था के बीच तीमारदारों के लिए विश्राम गृह निर्माण को लेकर हुआ।
मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल को राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन विश्राम गृहों के निर्माण से अस्पतालों में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को रात्रि विश्राम और ठहरने की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आग्रह किया कि सेवादान संस्था किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर में भी इस प्रकार की व्यवस्था करे, जिस पर संस्था ने सहमति जताई।
समझौते के तहत देहरादून और हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज परिसरों में 350 बिस्तरों की क्षमता वाले विश्राम गृहों का निर्माण किया जाएगा। यह विश्राम गृह (रैन बसेरे) तीमारदारों को सुलभ दरों पर उपलब्ध होंगे—रात्रि विश्राम हेतु शयनागार ₹55 प्रति बिस्तर और दो बिस्तरों वाले कक्ष ₹300 प्रति कक्ष की दर पर दिए जाएंगे। नाश्ता ₹20 एवं भोजन ₹35 की दर से प्रदान किया जाएगा।
इन विश्राम गृहों का संचालन और रखरखाव सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। निर्माण के लिए देहरादून मेडिकल कॉलेज द्वारा 1750 वर्गमीटर और हल्द्वानी कॉलेज द्वारा 1400 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। यह समझौता 20 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
हस्ताक्षर कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना तथा सेवादान आरोग्य संस्था के प्रतिनिधि अभिषेक सक्सेना, आनंद सिंह बिसेन और अमित दास उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


