Headlines

Dehradun: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने लिया जिला अस्पतालों का फीडबैक, रेफरल सिस्टम पर जताई सख्त नाराजगी

Dehradun: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने लिया जिला अस्पतालों का फीडबैक, रेफरल सिस्टम पर जताई सख्त नाराजगी
शेयर करे-

Dehradun: मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के जिला एवं उप जिला अस्पतालों की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सरकारी अस्पतालों में बढ़ते रेफरल सिस्टम पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन चिकित्सकीय सुविधाएं जिला या उप जिला अस्पतालों में उपलब्ध हैं, उनका लाभ मरीजों को वहीं पर दिया जाए। केवल अत्यधिक गंभीर मरीजों को ही उच्च संस्थानों के लिए रेफर किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिला अस्पतालों में सामान्य और आवश्यक जांच सेवाओं की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने माईक्रोबायोलॉजिस्ट की तैनाती पर जोर देते हुए यूरिन कल्चर जैसी जटिल जांचों को भी सरकारी अस्पतालों में प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गए कि सिर्फ उन्हीं जांचों को आउटसोर्स एजेंसियों से कराया जाए, जो अस्पताल में संभव नहीं हैं। अस्पतालों की क्षमता वृद्धि और संसाधनों के सुदृढ़ीकरण पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला और उप जिला अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और उपकरणों की उपलब्धता पर स्वास्थ्य विभाग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई।

बैठक में पुरानी और खराब हो चुकी 108 एम्बुलेंसों तथा विभागीय एम्बुलेंसों को बदलने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी एम्बुलेंसों की समीक्षा कर खराब वाहनों को शीघ्र बदले जाने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए।

मुख्य सचिव ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु कुमाऊं और गढ़वाल में एक-एक आईवीएफ सुविधा और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना के भी निर्देश दिए। उन्होंने इन सेवाओं को शीघ्र शुरू करने पर बल दिया।

इस बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, राधिका झा, सचिन कुर्वे, दिलीप जावलकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय सहित सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *